हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के संजौली स्थित सरस्वती पैराडाइज स्कूल की संचालिका मनीषा मित्तल की हत्या के बाद मामला लगातार सुर्खियों में है। हत्या से पहले मनीषा का एक पुराना वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने अपने भाई हिमांग और उसके पार्टनर गोविंद से अपनी जान को खतरा बताया था। वीडियो में उन्होंने पुलिस पर भी समय पर मदद न करने का आरोप लगाया था। अब उनकी यह आशंका सच साबित होने के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। घटना शनिवार शाम करीब छह बजे स्कूल परिसर में हुई, जब नकाबपोश हमलावरों ने मनीषा पर गोलियां चला दीं। उन्हें स्कूल गेट के पास गोली मारकर हत्या कर दी गई। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस के अनुसार उन पर तीन फायर किए गए थे, हालांकि कितनी गोलियां लगीं इसकी जांच जारी है। घटना के 17 घंटे बाद भी पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। इस हत्याकांड से इलाके में दहशत का माहौल है और लोग सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं। परिजनों और स्थानीय लोगों ने पीड़िता की बेटी को सुरक्षा देने की मांग की है। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
Source: Source