अमेरिकी विदेश विभाग 1 जुलाई 2026 से बी1/बी2 (बिजनेस और टूरिस्ट) वीजा आवेदकों के लिए एक नई पायलट सेवा शुरू करने जा रहा है। इस कार्यक्रम के तहत आवेदक 750 डॉलर अतिरिक्त शुल्क देकर इंटरव्यू की त्वरित अपॉइंटमेंट प्राप्त कर सकेंगे। इसका उद्देश्य तेजी से बढ़ती मांग का आकलन करना और दूतावासों पर पड़ रहे दबाव को कम करना है। यह सुविधा केवल पात्र बी1/बी2 वीजा आवेदकों के लिए उपलब्ध होगी। अतिरिक्त शुल्क देने वाले आवेदकों को इंटरव्यू की तारीख जल्दी मिलने की संभावना रहेगी। हालांकि यह सेवा वीजा स्वीकृति की कोई गारंटी नहीं देती है। अमेरिकी अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि वीजा जारी करने का निर्णय पहले की तरह निर्धारित नियमों और पात्रता मानकों के आधार पर ही होगा। इसके अलावा प्रशासनिक जांच या अतिरिक्त प्रक्रिया की अवधि भी इस सेवा से कम नहीं होगी। कार्यक्रम को फिलहाल परीक्षण के तौर पर लागू किया जा रहा है। इसके परिणामों के आधार पर भविष्य में इसके विस्तार या बदलाव पर विचार किया जा सकता है। नई व्यवस्था का उद्देश्य आवेदकों को अधिक विकल्प उपलब्ध कराना और संसाधनों का बेहतर प्रबंधन करना है। इस घोषणा के बाद अंतरराष्ट्रीय यात्रियों और व्यवसायिक यात्राओं की योजना बना रहे लोगों के बीच चर्चा तेज हो गई है।
Source: Source