छत्तीसगढ़ के बिलासपुर शहर से नाबालिग लड़कियों के साथ दरिंदगी के दो बेहद शर्मनाक और सनसनीखेज मामले सामने आए हैं। पहला मामला तोरवा थाना क्षेत्र का है, जहां एक 13 वर्षीय नाबालिग छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया गया है। पीड़ित लड़की का बॉयफ्रेंड उसे अपनी मोटरसाइकिल पर घुमाने के बहाने से बहला-फुसलाकर रेलवे स्टेशन ले गया था। रेलवे स्टेशन के पास एक सुनसान जगह पर आरोपी बॉयफ्रेंड के दो अन्य दोस्त पहले से ही उसका इंतजार कर रहे थे। इसके बाद तीनों आरोपियों ने नाबालिग लड़की को बंधक बनाकर एक सुनसान स्थान पर उसके साथ बारी-बारी से गैंगरेप किया। पीड़िता के अचानक लापता होने पर उसके परिजनों ने तोरवा थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए पीड़िता को रेलवे स्टेशन के पास से सुरक्षित बरामद कर परिजनों को सौंप दिया था। महिला पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में हुई काउंसलिंग के दौरान पीड़ित नाबालिग लड़की ने आपबीती सुनाई। वारदात में शामिल सभी तीनों आरोपी नाबालिग हैं और उनकी उम्र 13 से 16 वर्ष के बीच बताई जा रही है। पुलिस ने तीनों किशोरों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ पॉक्सो एक्ट और सामूहिक दुष्कर्म की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। दूसरा मामला सिरगिट्टी थाना क्षेत्र का है, जहां एक निजी स्कूल के शिक्षक पर 15 साल की छात्रा से दुष्कर्म का आरोप लगा है। आरोपी शिक्षक राहुल बांगरू ने अपनी ही दसवीं कक्षा की छात्रा को बहला-फुसलाकर अपने प्रेम जाल में फंसाया था। दिसंबर 2025 में आरोपी शिक्षक छात्रा को जबरन बाइक पर बैठाकर एक होटल में ले गया और वहां उसके साथ गलत काम किया। विरोध करने पर आरोपी ने छात्रा की गर्दन पर चाकू अड़ाकर किसी को भी बताने पर जान से मारने की धमकी दी थी। डरी-सहमी छात्रा ने अब जाकर परिजनों को आपबीती सुनाई, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार शिक्षक की तलाश शुरू कर दी है।
Source: Source