हरियाणा के करनाल जिले के घरौंडा थाना क्षेत्र के बरसत गांव में दिनदहाड़े चोरी की वारदात सामने आई है। चोर छत के रास्ते एक घर में घुसा और अलमारी से गहने व नकदी चोरी कर फरार हो गया। घटना के समय घर खाली था, जिससे आरोपी को आसानी से वारदात को अंजाम देने का मौका मिल गया। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। आरोपी ने चाकू की मदद से अलमारी खोली और उसमें रखे करीब 70 हजार रुपये के गहने और 20 हजार रुपये नकद चुरा लिए। इसके बाद वह छत के रास्ते ही फरार हो गया। पीड़ित परिवार के अनुसार चोरी गई नकदी किराए के लिए रखी गई थी। परिजनों ने आसपास के ज्वैलर्स से पूछताछ की, जिसमें आरोपी की पहचान भरल गढ़ी निवासी के रूप में सामने आई है। बताया जा रहा है कि आरोपी चोरी किए गए गहनों को पहले ही बेच चुका है। घटना के समय घर के सदस्य अलग-अलग जगह गए हुए थे। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश की जा रही है।
Source: Source