मोहाली के जीरकपुर में रूस भेजने के नाम पर एक युवक के साथ 7 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित हरप्रीत सिंह ने ट्रैवल एजेंट गुरतेज सिंह और ‘फ्लाई टू स्काई’ के संचालक नवीन गुप्ता पर गंभीर आरोप लगाए हैं। आरोपियों ने पीड़ित को वर्क वीजा दिलाने का झूठा आश्वासन देकर अलग-अलग बैंक खातों में 7 लाख रुपये जमा करवाए थे। जब हरप्रीत ने दस्तावेजों की जांच की, तो पता चला कि उसे वर्क वीजा के बजाय स्टडी वीजा दिया गया था। ठगी का एहसास होने पर पीड़ित ने पैसे वापस मांगे, तो आरोपियों ने फर्जी चेक थमा दिए। बैंक में चेक लगाने पर वे बाउंस हो गए, जिसके बाद आरोपी फरार हो गए। इस मामले की शिकायत 2023 में की गई थी, जिसके बाद एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट ने जांच शुरू की। लंबी जांच प्रक्रिया के बाद अब जीरकपुर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है। पुलिस अब आरोपियों की तलाश कर रही है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है। विदेश जाने के इच्छुक युवाओं के साथ होने वाली ऐसी धोखाधड़ी ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। फिलहाल, पुलिस ने लोगों को ऐसे ट्रैवल एजेंटों से सावधान रहने की अपील की है।
Source: Source