हरियाणा पुलिस मुख्यालय ने प्रशासनिक आवश्यकता और जनहित को ध्यान में रखते हुए 23 पुलिस इंस्पेक्टरों के तबादले किए हैं। इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी कर दिए गए हैं। सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नई तैनाती पर कार्यभार संभालने के निर्देश दिए गए हैं। तबादला सूची में गुरुग्राम, फरीदाबाद, सोनीपत, यमुनानगर, जींद, करनाल, नूंह और पंचकूला सहित कई जिलों के अधिकारी शामिल हैं। कई इंस्पेक्टरों को एक जिले से दूसरे जिले में भेजा गया है। कुछ अधिकारियों की नियुक्ति सीआईडी, रेलवे पुलिस, हरियाणा सशस्त्र पुलिस और पुलिस ट्रेनिंग सेंटर सुनारिया में की गई है। फरीदाबाद से महाबीर, श्री भगवान और विनीत का तबादला क्रमशः हिसार, यमुनानगर और सोनीपत किया गया है। सोनीपत से महेश कुमार, सतबीर सिंह और लाल सिंह को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। नूंह में तैनात कुछ अधिकारियों को पुलिस ट्रेनिंग सेंटर सुनारिया और सीआईडी मुख्यालय भेजा गया है। करनाल से भी कई इंस्पेक्टरों का अन्य जिलों में स्थानांतरण किया गया है। पुलिस मुख्यालय ने संबंधित अधिकारियों को तुरंत कार्यमुक्त करने के निर्देश दिए हैं। आदेशों की प्रतियां संबंधित वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और जिला पुलिस प्रमुखों को भी भेजी गई हैं।
Source: Source