नीट (NEET) पेपर लीक और भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं के विरोध में ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर 5 घंटे तक जोरदार प्रदर्शन किया। सोनीपत सहित देश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में युवा इस प्रदर्शन में शामिल हुए। पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को 5 दिन के भीतर इस्तीफा देने का अल्टीमेटम दिया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांग पूरी नहीं हुई, तो 13 जून को फिर से जंतर-मंतर पर प्रदर्शन किया जाएगा। प्रदर्शनकारी युवाओं का आरोप है कि बार-बार होने वाले पेपर लीक ने लाखों छात्रों का भविष्य अंधकार में डाल दिया है। वे शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, सख्त कानून और भर्ती प्रक्रियाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने की मांग कर रहे हैं। प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दिल्ली के प्रमुख स्थानों और बॉर्डर पॉइंट्स पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। युवाओं ने इस मुद्दे पर सरकार की उदासीनता और दोषियों के खिलाफ ठोस कार्रवाई न होने पर गहरा रोष व्यक्त किया है।
Source: Source