हरियाणा के रोहतक जिले की अस्थल बोहर कॉलोनी और उसके आसपास के इलाकों में पीने के पानी की गंभीर किल्लत से गुस्साए स्थानीय लोगों ने बाबा मस्तनाथ मठ के सामने मुख्य सड़क पर जाम लगा दिया। इस विरोध प्रदर्शन में भारी संख्या में महिलाएं भी सड़कों पर उतरीं और सरकार व प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का साफ कहना है कि जब तक उनकी मीठे पानी की मुख्य सप्लाई लाइन को दोबारा नहीं जोड़ा जाता, तब तक वे सड़क से नहीं हटेंगे। मिली जानकारी के अनुसार, बाबा मस्तनाथ मठ के बाहर पहले एक पुल था, जिसे तोड़कर अब वहां अंडरपास का निर्माण कराया जा रहा है। स्थानीय निवासियों के अनुसार, मठ के महंत बाबा बालकनाथ की ओर से इस अंडरपास का निर्माण कराया जा रहा है, लेकिन इसकी खुदाई के दौरान लापरवाही बरतते हुए जेसीबी (JCB) मशीन ने पूरी कॉलोनी को पानी सप्लाई करने वाली पाइपलाइन और व्यक्तिगत कनेक्शनों को तोड़ दिया। इसके चलते पिछले एक सप्ताह से इलाके में पानी की एक बूंद भी नहीं आई है। स्थानीय निवासी गोविंद, राजेंद्र सिंह, सुनीता और राजेश ने बताया कि पाइपलाइन टूटने से एक तरफ जहां पीने के पानी का संकट खड़ा हो गया है, वहीं जनस्वास्थ्य विभाग इस पर कोई ध्यान नहीं दे रहा है। अधिकारियों ने समाधान करने के बजाय एक दिन खारे पानी की सप्लाई कर दी, जो किसी काम का नहीं था। इसके अलावा, खुदाई के कारण पूरी सड़क टूट चुकी है और लोगों के आने-जाने का रास्ता भी पूरी तरह बंद हो गया है, जिससे लोग अपने घरों में कैद होने को मजबूर हैं। प्रदर्शनकारियों ने विभाग से तुरंत अस्थाई व्यवस्था कर मीठे पानी की लाइन को बहाल करने की मांग की है।
Source: Source