पंजाब के फाजिल्का-फिरोजपुर रोड पर हुए भीषण सड़क हादसे के बाद 14 घायलों को फरीदकोट के गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल प्रशासन के अनुसार इनमें से चार लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है। हादसे की सूचना मिलने पर फरीदकोट के विधायक गुरदित्त सिंह सेखों अस्पताल पहुंचे और घायलों तथा उनके परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने पीड़ितों का हालचाल जाना और उपचार व्यवस्था की जानकारी ली। विधायक ने अस्पताल अधिकारियों के साथ बैठक कर इलाज संबंधी व्यवस्थाओं की समीक्षा भी की। पंजाब सरकार की ओर से सभी घायलों का मुफ्त इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। यह हादसा शनिवार सुबह एक पिकअप वाहन और ट्रॉले की टक्कर के कारण हुआ था। दुर्घटना में आठ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी। घायलों के इलाज के लिए अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों की विशेष टीम गठित की गई है। मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. नीतू कुक्कड़ ने बताया कि सभी मरीजों को आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि गंभीर रूप से घायल मरीजों पर लगातार नजर रखी जा रही है। अस्पताल प्रशासन का दावा है कि किसी भी मरीज को दूसरे अस्पताल रेफर करने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। विधायक ने कहा कि उपचार के लिए संसाधनों की कोई कमी नहीं है और सरकार पीड़ितों के साथ खड़ी है।
Source: Source