पंजाब के लुधियाना स्थित भारत नगर चौक के एक पेट्रोल पंप पर महिला कर्मचारी द्वारा मैनेजर पर छेड़छाड़ के गंभीर आरोप लगाए जाने के बाद हंगामा हो गया। महिला कर्मचारी जसकरण कौर ने 112 पुलिस कंट्रोल रूम पर कॉल कर मौके पर पुलिस बुलाई और न्याय की मांग की। महिला का आरोप है कि मैनेजर लंबे समय से उसके साथ अभद्र व्यवहार कर रहा था और पैसे जमा कराने के दौरान उसका हाथ पकड़ता था। उसने यह भी आरोप लगाया कि कई बार मैनेजर जानबूझकर कंधा मारकर निकलता था और लंच के दौरान उसे परेशान करता था। महिला ने बताया कि उसने इस बारे में पेट्रोल पंप मालिक को शिकायत दी थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। आरोप है कि उसे चुप रहने के लिए कहा गया और डराने की कोशिश की गई। महिला ने कहा कि वह पारिवारिक मजबूरी के कारण नौकरी कर रही है और उसे न्याय चाहिए। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, हालांकि उस समय मैनेजर वहां मौजूद नहीं था। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और CCTV फुटेज की भी जांच की जा रही है। फिलहाल पेट्रोल पंप प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।
Source: Source