हरियाणा के सिरसा में लाल बत्ती चौक के पास एक फास्ट-फूड संचालिका पर एक युवक द्वारा आपत्तिजनक कमेंट और छेड़छाड़ करने का मामला सामने आया है। युवती का आरोप है कि आरोपी युवक लगातार उस पर कमेंट करता था और उसे अपनी गर्लफ्रेंड बताकर अफवाह फैलाता था। घटना के दौरान युवती ने युवक को पकड़ लिया, जिसके बाद मौके पर हंगामा हो गया और भीड़ जमा हो गई। इस दौरान युवती ने आरोपी की पिटाई भी कर दी, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि आरोपी पहले उसी बर्गर शॉप में काम करता था, लेकिन दो महीने पहले उसे नौकरी से हटा दिया गया था। युवती का कहना है कि वह लंबे समय से उसकी हरकतों से परेशान थी और कई बार उसके परिवार को भी शिकायत की गई थी। आरोप है कि वह रात में भी वहां आकर परेशान करता था और गाने गाकर माहौल खराब करता था। पीड़िता ने बताया कि उसने कई बार पुलिस को भी सूचना देने की कोशिश की है। फिलहाल युवक मौके से फरार बताया जा रहा है। पुलिस में शिकायत की बात भी सामने आई है और मामले की जांच की संभावना जताई जा रही है।
Source: Source