पंचकूला जिले के पिंजौर स्थित गांव चरणीयां के नीलकंठ क्रेशर जोन के पास एक तालाब में 13 वर्षीय बच्चे शिव कुमार का शव मिलने से सनसनी फैल गई। शिव कुमार अपने परिवार के साथ झुग्गी-झोपड़ी में रहता था और उसका परिवार मूल रूप से उत्तर प्रदेश का निवासी है। परिजनों के अनुसार, वह दो दिन पहले अपनी मां के पास जाने की बात कहकर घर से निकला था, जिसके बाद वह लापता हो गया था। परिवार ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट भी स्थानीय थाने में दर्ज कराई थी और लगातार तलाश कर रहे थे। गुरुवार सुबह उसका शव तालाब में मिला, जिससे परिवार में कोहराम मच गया। मृतक की मां ने उसके शरीर पर चोटों के निशान होने का दावा करते हुए हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला डूबने से मौत का लग रहा है, लेकिन वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगा। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं और जांच जारी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए कालका अस्पताल की मोर्चरी में भेजा गया है।
Source: Source