फतेहाबाद की सदर थाना पुलिस ने मारपीट, तोड़फोड़ और जान से मारने की धमकी के मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में चार सिरसा जिले के रहने वाले हैं जबकि एक फतेहाबाद के गांव बहबलपुर का निवासी है। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक कार भी बरामद की है। आरोपियों की पहचान अमरजीत, अनिल उर्फ डम, विनोद, गगन उर्फ आकाश और गुरदास के रूप में हुई है। घटना 19 मई को जमीन विवाद की रंजिश के चलते हुई थी। पीड़ित गुरमीत सिंह ने पुलिस को बताया कि आरोपियों ने उसका रास्ता रोककर लाठी-डंडों व रॉड से हमला कर उसे घायल कर दिया। आरोपियों ने उसके भाई की गाड़ी को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। घायल गुरमीत को सरकारी अस्पताल फतेहाबाद ले जाया गया, जहाँ से उसे अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। पुलिस ने 20 मई को शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर बीएनएस की विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया था। सदर थाना प्रभारी प्रहलाद सिंह ने इसकी पुष्टि की। पुलिस अब आगे की जांच कर रही है।
Source: Source