फरीदकोट के हल्का गोलेवाला के कानूनगो वरिंदर सिंह बुट्टर को विजिलेंस ब्यूरो ने 40 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया है। जसविंदर सिंह नामक शिकायतकर्ता ने पंजाब सरकार की एंटी करप्शन हेल्पलाइन पर बताया कि उसकी जमीन पर कब्जा दिलाने के एवज में कानूनगो रिश्वत मांग रहा था। जमीन से जुड़ा यह विवाद 2019 से अदालत में चल रहा था और जिला अदालत तथा हाईकोर्ट ने शिकायतकर्ता के पक्ष में फैसला सुनाया था। हाईकोर्ट के आदेश के बाद सिविल जज ने राजस्व विभाग को शिकायतकर्ता को कब्जा दिलाने के निर्देश दिए थे। विजिलेंस जांच में पता चला कि अदालती आदेश लागू करने के बदले कानूनगो ने शिकायतकर्ता से 80 हजार रुपये माँगे, जिसमें से 40 हजार उसने ले लिए। शिकायतकर्ता ने रिश्वत लेनदेन की वीडियो रिकॉर्डिंग भी कर ली। विजिलेंस इंस्पेक्टर संदीप सिंह ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया जाएगा और रिमांड पर पूछताछ की जाएगी।
Source: Source