अमृतसर में नकली खोया, सिंथेटिक पनीर और मिलावटी डेयरी उत्पादों के खिलाफ किसान भड़क गए हैं। भारतीय किसान एकता सिद्धूपुर के बैनर तले किसानों ने सड़कों पर दूध बहाकर प्रशासन के खिलाफ रोष जताया। जिला प्रधान करमजीत सिंह नंगली ने आरोप लगाया कि शहर में बड़े पैमाने पर नकली डेयरी उत्पादों का कारोबार चल रहा है, पर प्रशासन की कार्रवाई केवल औपचारिकता बनकर रह गई है। किसानों का कहना है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद मामला ठंडे बस्ते में डाल दिया जाता है। किसान नेताओं ने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य दूध (जो उनके लिए अमृत समान है) को बर्बाद करना नहीं, बल्कि जनता को जागरूक करना है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने जल्द सख्त कदम नहीं उठाए, तो 10 जून से बड़े स्तर पर आंदोलन शुरू कर फैक्ट्रियों के बाहर पक्के मोर्चे लगाए जाएंगे। फिलहाल, अधिकारियों ने मांग पत्र स्वीकार कर मामले की गंभीरता से जांच का भरोसा दिया है। मिलावट का यह धंधा लोगों की सेहत से खिलवाड़ है और किसान इसके खिलाफ अब हर हद तक जाने को तैयार हैं। आने वाले दिनों में अगर प्रशासन ने कार्रवाई नहीं की तो अमृतसर में सड़कें गर्मा सकती हैं।
Source: Source