अमृतसर शहर की सड़कों और गलियों को बेहतर रोशनी से लैस करने के लिए 1 लाख नई स्ट्रीट लाइट्स लगाने की योजना बनाई गई है। इस 6 करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट के लिए जेसीसी कंपनी एल-1 बिडर बन गई है और अब केवल चंडीगढ़ मुख्यालय से अंतिम मंजूरी का इंतजार है। मंजूरी मिलते ही कंपनी शहर में लाइट्स लगाने का कार्य शुरू करेगी। इससे पहले स्ट्रीट लाइट्स लगाने और उनके 5 साल के मेंटेनेंस का काम समुंदरा कंपनी के पास था, जिसका कॉन्ट्रैक्ट फरवरी में समाप्त हो चुका है। हालांकि व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुराने कॉन्ट्रैक्ट को अगस्त 2026 तक बढ़ा दिया गया है। वर्तमान में शहर में पहले से बड़ी संख्या में स्ट्रीट लाइट्स लगी हुई हैं, जिनमें से कई का मेंटेनेंस भी चल रहा है। नगर निगम ने सभी लाइट्स की नंबरिंग कर रखी है ताकि किसी प्रकार की गड़बड़ी न हो सके। फिलहाल स्ट्रीट लाइट्स तय समय से अधिक घंटे तक जल रही हैं, जिससे बिजली की बर्बादी की समस्या सामने आ रही है। अधिकारियों के अनुसार तकनीकी और भुगतान संबंधी मुद्दों के कारण टाइमर सिस्टम में बदलाव नहीं हो पाया है। नई कंपनी के आने से व्यवस्था में सुधार और बेहतर मेंटेनेंस की उम्मीद जताई जा रही है।
Source: Source