रायपुर में सिंधी काउंसिल ऑफ इंडिया की छत्तीसगढ़ इकाई और रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के संयुक्त तत्वावधान में एक निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर एमएमआई हॉस्पिटल में पिछले 10 दिनों से संचालित हो रहा है। मंगलवार को रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने इस शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने शिविर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आयोजन की सराहना की। इस दौरान उन्होंने स्वयं अपनी आंखों की जांच और रूटीन हेल्थ चेकअप भी कराया। सिंधी काउंसिल ऑफ इंडिया छत्तीसगढ़ इकाई के अध्यक्ष ललित जैसिंघ ने जानकारी दी कि अब तक 300 से अधिक पुलिस अधिकारी और कर्मचारियों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराया है। शिविर में लगातार पुलिसकर्मियों की स्वास्थ्य जांच की जा रही है। कार्यक्रम में एसीपी तारकेश्वर पटेल भी उपस्थित रहे। शिविर में सिंधी काउंसिल के कई पदाधिकारी और सदस्य भी मौजूद रहे। इस पहल का उद्देश्य पुलिसकर्मियों को नियमित स्वास्थ्य जांच के लिए प्रेरित करना है। शिविर में आंखों की जांच और सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण की सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। यह आयोजन पुलिस विभाग और सामाजिक संगठन के बीच सफल सहयोग का उदाहरण माना जा रहा है।
Source: Source