कठुआ और पंजाब के माधोपुर के बीच रावी नदी पर बने रेल पुल संख्या-17 का जीर्णोद्धार कार्य पूरा हो गया है। कमिश्नर ऑफ रेलवे सेफ्टी, उत्तर रेलवे दिनेश चंद देशवाल ने पुल का निरीक्षण और स्पीड ट्रायल करने के बाद ट्रेन संचालन की मंजूरी दे दी है। यह पुल करीब एक साल से बंद था, क्योंकि 2025 में भारी बारिश और बाढ़ के कारण नदी के तेज बहाव से पुल का एक पिलर क्षतिग्रस्त हो गया था। सुरक्षा कारणों से रेलवे ने इस मार्ग पर ट्रेनों का परिचालन रोक दिया था। बाढ़ के बाद रेलवे ने तत्काल मरम्मत कार्य शुरू किया और क्षतिग्रस्त पिलर को नई व मजबूत नींव के साथ पुनर्निर्मित किया गया। साथ ही गार्डर, डेक स्लैब और ट्रैक को भी बदला गया ताकि पुल भविष्य की चुनौतियों के लिए अधिक सुरक्षित हो। अब इस पुल के बहाल होने से हरियाणा, पंजाब और दिल्ली से जम्मू-कश्मीर आने-जाने वाले यात्रियों और मालगाड़ियों को बड़ी राहत मिलेगी। श्री माता वैष्णो देवी कटरा और जम्मू जाने वाले श्रद्धालुओं की यात्रा भी सुगम हो जाएगी। आगामी अमरनाथ यात्रा और ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान विशेष ट्रेनों के संचालन में भी सुविधा होगी। रेलवे 15 जून से चार ट्रेनों का संचालन शुरू कर रहा है, जबकि आठ अन्य ट्रेनों का शेड्यूल जल्द जारी किया जाएगा। डीआरएम विवेक कुमार के अनुसार, रेलवे टीम ने कठिन परिस्थितियों में तेजी से काम करते हुए पुल को निर्धारित समय पर तैयार किया है। सीआरएस की मंजूरी मिलने के बाद अब इस मार्ग पर ट्रेनें सामान्य गति से दौड़ सकेंगी।
Source: Source