लुधियाना के शिवपुरी क्षेत्र के प्रीतम नगर में बाइक सवार चोरों ने एक हौजरी फैक्ट्री को दिनदहाड़े निशाना बनाकर यार्न (धागे) के दो बोरे चुरा लिए। फैक्ट्री मालिक जसवी ने बताया कि घटना के दौरान चौकीदार एक दिन की छुट्टी पर था और मुख्य गेट खुला पड़ा था। बाइक सवार दो युवक पहले रेकी करते हुए आए और फैक्ट्री के बाहर चक्कर लगाते रहे। जब उन्हें मौका मिला तो एक साथी बाइक स्टार्ट करके बाहर खड़ा रहा, जबकि दूसरा अंदर घुसा। आरोपी ने हॉल से यार्न के दो बोरे उठाए, बाइक पर लादे और फरार हो गया। पूरी वारदात फैक्ट्री में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जिससे चोरों की हरकतें साफ नजर आ रही हैं। चोरी गए दोनों बोरों की कीमत लगभग 30 से 40 हजार रुपए बताई जा रही है। मालिक ने पीछा करने की कोशिश की, लेकिन चोर तब तक भाग चुके थे। आरोपी बिना नंबर प्लेट वाली बाइक पर सवार थे, क्योंकि बाइक पर नंबर लिखा नहीं था। इससे उनकी पहचान करना मुश्किल हो गया है। घटना के बाद इलाके के हौजरी व्यापारियों में दहशत का माहौल है और उन्होंने पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है। फैक्ट्री मालिक जसवी जल्द ही थाना सुंदर नगर में शिकायत दर्ज कराएंगे, ताकि आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई हो सके।
Source: Source