छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के व्यापार विहार स्थित चौधरी खाद्य तेल एजेंसी में शनिवार सुबह भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिसमें लाखों रुपए का खाद्य तेल और अन्य सामान जलने की आशंका है। यह घटना तारबाहर थाना क्षेत्र की है। खाद्य तेल होने के कारण आग बेहद तेजी से फैली और लपटें ऊंची उठने लगीं। आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। फायर ब्रिगेड के कर्मचारी आग पर काबू पाने में जुटे हैं, लेकिन तेल के कारण आग बुझाने में काफी मशक्कत हो रही है। आसपास कई अन्य एजेंसियां होने के कारण आग के उन तक फैलने की आशंका भी बनी हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि धुआं और आग की लपटें दूर से ही दिखाई दे रही थीं, जिससे अफरा-तफरी मच गई। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। यह इस क्षेत्र में महीने भर में दूसरी बड़ी आग की घटना है।
Source: Source