लुधियाना में भीषण गर्मी के बीच लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती ने औद्योगिक क्षेत्रों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। शहर की साइकिल, ऑटो पार्ट्स, टेक्सटाइल और होजरी इंडस्ट्री में हर दो घंटे बाद बिजली गुल होने से उत्पादन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। उद्योगपतियों के अनुसार पीक सीजन में ऑर्डर समय पर पूरे नहीं हो पा रहे, जिससे करोड़ों के कॉन्ट्रैक्ट रद्द होने की आशंका है। फैक्ट्रियों में मशीनें बार-बार बंद होने से उत्पादन प्रक्रिया बाधित हो रही है और री-स्टार्ट में समय लगने से नुकसान और बढ़ रहा है। कारोबारियों का कहना है कि लगातार बिजली कटौती और गर्मी के कारण उत्पादन लागत दोगुनी हो गई है और उन्हें महंगे डीजल जनरेटर चलाने पड़ रहे हैं। फोकल पॉइंट जैसे औद्योगिक क्षेत्रों में स्थिति और खराब बताई जा रही है। उद्योगपतियों ने आरोप लगाया कि बुनियादी सुविधाओं की कमी के कारण इंडस्ट्री गंभीर संकट में है। लेबर भी गर्मी और बिजली की कमी से परेशान होकर काम छोड़ने या गांव लौटने को मजबूर हो रही है। कारोबारियों ने सरकार से मांग की है कि औद्योगिक फीडरों को निर्बाध बिजली आपूर्ति दी जाए, अन्यथा स्थिति और गंभीर हो सकती है।
Source: Source