धमतरी जिले के भखारा थाना क्षेत्र में शराब दुकान परिसर में युवक से लूटपाट का मामला सामने आया है। आरोपियों ने युवक को चाकू दिखाकर नकदी और मोबाइल लूट लिया। घटना 25 मई की रात करीब 8 बजे की बताई गई है। पीड़ित युवक अपने भाई के कहने पर शराब और डीजल खरीदने के लिए 3000 रुपए लेकर भखारा आया था। शराब दुकान परिसर में पहले से मौजूद आरोपियों ने उसे रोक लिया। युवक के पास पैसे होने की जानकारी मिलते ही आरोपियों ने उससे रकम मांगनी शुरू कर दी। विरोध करने पर एक आरोपी ने उसकी गर्दन पर चाकू अड़ा दिया। अन्य आरोपियों ने युवक को पकड़कर उसके साथ मारपीट की। बदमाश युवक से 3000 रुपए नकद और रेडमी मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने कुछ ही घंटों में दो आरोपियों और एक नाबालिग को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उनके पास से चाकू और लूटी गई रकम बरामद कर ली है। मामले में एक आरोपी अब भी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। एएसपी शैलेंद्र पांडेय ने कहा कि जिले में अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
Source: Source