पंजाब के अबोहर में सीतो रोड पर तड़के बड़ा सड़क हादसा हो गया। सीमेंट से लदा एक ट्रक नीलगाय को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसा खैरपुर गांव के पास सुबह करीब 4 बजे हुआ। ट्रक सड़क से नीचे उतरकर खेतों में जा गिरा। दुर्घटना में चालक जयवीर और परिचालक हरि सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों झज्जर से सीमेंट लेकर अबोहर आ रहे थे। अचानक सड़क पर नीलगाय आने से चालक ने ट्रक मोड़ने की कोशिश की। इसी दौरान वाहन का संतुलन बिगड़ गया और ट्रक पलट गया। हादसे के बाद दोनों करीब 20 मिनट तक ट्रक के अंदर फंसे रहे। राह से गुजर रहे दो लोगों ने उन्हें बाहर निकाला। ट्रक के पलटने से सीमेंट के कट्टे भी सड़क और खेत में बिखर गए। हादसे में ट्रक को भारी नुकसान पहुंचा है। सूचना मिलने पर सड़क सुरक्षा फोर्स की टीम मौके पर पहुंची। घायलों को प्राथमिक उपचार देने के बाद आगे के इलाज के लिए भेजा गया। बाद में हाइड्रोलिक क्रेन की मदद से ट्रक को सीधा करने का काम शुरू किया गया।
Source: Source