फतेहाबाद जिले के टोहाना के वार्ड-20 स्थित मसाला फैक्ट्री एरिया में लंबे समय से पेयजल संकट बना हुआ है। यहां के दर्जनों निवासी पानी की किल्लत से जूझ रहे हैं। उन्होंने जन स्वास्थ्य विभाग के कार्यकारी अभियंता शशिकांत से मुलाकात कर तत्काल समाधान की मांग की। निवासी सिमरन ने बताया कि उनके घरों में लंबे समय से पानी नहीं आ रहा है और इस दौरान तीन मोटरें खराब हो चुकी हैं। पहले सड़क जाम करने पर केवल दो दिन पानी आया, फिर सप्लाई फिर से बंद हो गई। एक अन्य निवासी विजय कटारिया ने कहा कि वार्ड में भारी किल्लत है और अधिकारियों से मिलने पर केवल आश्वासन ही मिला है। उन्होंने बूस्टिंग के जरिए सीधा पानी पहुंचाने की मांग रखी। मनप्रीत ने बताया कि तीन दिन पहले दनकौरा रोड पर दो घंटे का जाम लगाया गया था, जिस पर कनिष्ठ अभियंता मुख्तयार सिंह मौके पर पहुंचे थे, लेकिन अब भी पानी की उचित आपूर्ति नहीं हो रही। कार्यकारी अभियंता शशिकांत ने प्रतिनिधिमंडल को नई पाइप लाइन बिछाने का आश्वासन दिया है। उन्होंने कॉलेज में जा रही पाइपलाइन की जांच के लिए बिलिंग ब्रांच को निर्देश दिए हैं। स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे अपना आंदोलन तेज कर देंगे। यह संकट लगातार बढ़ता जा रहा है और प्रशासन पर दबाव बढ़ गया है।
Source: Source