बिलासपुर के सरकंडा थाना क्षेत्र में एक हेड कांस्टेबल पर रिश्वत मांगने का आरोप लगा है। मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। वायरल वीडियो में हेड कांस्टेबल शोभित कैवर्त्य तीन आरोपियों को छोड़ने के बदले 10 हजार रुपए की मांग करते सुनाई दे रहा है। वह कहता नजर आया कि तीन लोगों को 5 हजार रुपए में नहीं छोड़ा जाएगा। आरोप है कि मारपीट के मामले में आरोपियों को जेल भेजने की धमकी देकर पैसे मांगे गए। नियम के मुताबिक जमानती मामलों में आरोपियों को थाने से ही जमानत पर छोड़ा जा सकता है। इसके बावजूद प्रतिबंधात्मक कार्रवाई का डर दिखाकर वसूली की कोशिश की गई। बताया जा रहा है कि घटना करीब दो महीने पुरानी है। आरोपियों के साथ गए एक युवक ने रिश्वत मांगने का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया था। वीडियो सामने आने के बाद एसएसपी रजनेश सिंह ने तत्काल कार्रवाई की। हेड कांस्टेबल को सस्पेंड कर पुलिस लाइन भेज दिया गया है। मामले की विभागीय जांच के आदेश भी जारी किए गए हैं। जांच की जिम्मेदारी सिविल लाइन सीएसपी को सौंपी गई है, जिन्हें सात दिनों में रिपोर्ट देनी होगी। एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को अवैध वसूली पर सख्त चेतावनी भी दी है।
Source: Source