हरियाणा के हिसार में अग्रोहा चौक के पास आदमपुर रोड पर मंगलवार देर रात एक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। तेज रफ्तार कार और बाइक की आमने-सामने टक्कर में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए थे। डायल-112 की टीम ने उन्हें तुरंत अग्रोहा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया। मृतक यूपी के सहारनपुर और शामली जिले के रहने वाले थे और क्षेत्र में नाली निर्माण कार्य में लगे हुए थे। जानकारी के अनुसार दोनों युवक ठेकेदार की बाइक पर सामान लेकर लौट रहे थे, तभी तेज रफ्तार बलेनो कार ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आरोपी वाहन और चालक की तलाश में जुटी है।
Source: Source