हिसार जिले के उकलाना क्षेत्र के गांव बिठमड़ा में अज्ञात चोरों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देते हुए एक ही रात में 20 से 25 किसानों के ट्यूबवेलों से बिजली केबल चोरी कर ली। चोरों ने बड़ी चालाकी से केबल काटकर नहर किनारे ले जाकर उसका प्लास्टिक कवर हटाया और तांबे के तार निकाल लिए। सुबह जब किसान अपने खेतों में पहुंचे तो उन्हें वारदात का पता चला। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में इस तरह की घटनाएं लगातार हो रही हैं, लेकिन प्रशासन की ढिलाई के कारण चोरों के हौसले बुलंद हैं। बड़ी संख्या में हुई इस चोरी से किसानों को आर्थिक नुकसान के साथ-साथ सिंचाई के कार्यों में भी भारी बाधा का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय किसानों ने पुलिस से जल्द से जल्द आरोपियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
Source: Source