हिमाचल प्रदेश के मंडी और बिलासपुर सीमा क्षेत्र के त्रिफालघाट के पास ग्रामीणों ने कथित तौर पर चिट्टा (हेरोइन) का सेवन करते हुए तीन युवकों को पकड़ लिया। इसके बाद ग्रामीणों ने उनकी पिटाई कर दी, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वीडियो में एक युवक कथित रूप से 500-500 रुपये में 16 पुड़ियां बेचने की बात स्वीकार करता दिखाई देता है। साथ ही वह कुछ अन्य लोगों के नाम भी लेता है, जिनमें मंडी जिले के युवाओं के शामिल होने का दावा किया गया है। घटना के बाद इलाके में नशे के बढ़ते कारोबार को लेकर लोगों में आक्रोश है। स्थानीय लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच और नशा तस्करी से जुड़े लोगों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अभी तक मामला आधिकारिक रूप से उनके संज्ञान में नहीं आया है और इसकी जांच की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह घटना घुमारवीं क्षेत्र से संबंधित हो सकती है।
Source: Source