हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के डगशाई पब्लिक स्कूल में रैगिंग का मामला सामने आया है। घटना में आरोपी पांचों छात्रों को स्कूल प्रबंधन ने सस्पेंड कर दिया है। सभी आरोपी छात्र पंजाब के रहने वाले और 11वीं-12वीं कक्षा में पढ़ते हैं। आरोप है कि पांच सीनियर छात्रों ने नौवीं कक्षा के छात्र को हॉस्टल से खींचकर उसके साथ मारपीट की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। वीडियो में एक छात्र को जूनियर को थप्पड़ मारते और गाली देते हुए देखा जा सकता है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि पिछले चार महीनों से जूनियर छात्रों को डराया-धमकाया और उनके साथ मारपीट की जा रही थी। सीनियर छात्रों पर अभद्र भाषा के इस्तेमाल और हथियार रखने के आरोप भी लगाए गए हैं। घटना के बाद हॉस्टल में रहने वाले छात्रों के बीच डर का माहौल है। डगशाई पुलिस ने पीड़ित छात्र और अन्य लोगों की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस स्कूल पहुंचकर पांचों आरोपी छात्रों और हॉस्टल वार्डन से पूछताछ करेगी। स्कूल प्रिंसिपल रविंद्र वोहरा का बयान भी पुलिस दर्ज कर चुकी है। प्रिंसिपल के अनुसार, शिकायत मिलते ही पांचों छात्रों को सस्पेंड कर जांच शुरू कर दी गई थी। स्कूल प्रबंधन ने आरोपी छात्रों के अभिभावकों को भी कार्रवाई की जानकारी दे दी है।
Source: Source