इबोला वायरस को लेकर केंद्र और हरियाणा सरकार ने सतर्कता बढ़ा दी है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से सभी अस्पतालों को एडवाइजरी जारी की गई है। करनाल सिविल अस्पताल में विशेष तैयारियां शुरू कर दी गई हैं, जहां जल्द ही 10 बेड का आइसोलेशन वार्ड बनाया जाएगा और एक डॉक्टर को नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार यह कदम एहतियातन उठाया गया है ताकि किसी भी संभावित स्थिति से निपटा जा सके। डॉक्टरों ने बताया कि इबोला एक गंभीर और जानलेवा वायरल बीमारी है, जो संक्रमित जानवरों और फिर इंसानों के बीच फैल सकती है। इसके लक्षणों में तेज बुखार, कमजोरी, उल्टी और दस्त शामिल हैं, जबकि गंभीर मामलों में आंतरिक रक्तस्राव भी हो सकता है। फिलहाल भारत में कोई कन्फर्म केस सामने नहीं आया है, लेकिन अफ्रीकी देशों में बढ़ते मामलों को देखते हुए निगरानी बढ़ा दी गई है। सरकार ने विदेश यात्रा को लेकर भी एडवाइजरी जारी की है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
Source: Source