रेवाड़ी CIA ने हत्या प्रयास और चोरी के मामले में फरार चल रहे आरोपी को तीन साल बाद गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान झज्जर जिले के बीड छुछकवास निवासी सिकंदर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को प्रोडक्शन वारंट पर लेकर अदालत में पेश किया। कोर्ट ने आरोपी को दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। मामला मई 2023 का है, जब मोहदीनपुर गांव में चोरी की वारदात के दौरान ग्रामीणों पर हमला किया गया था। शिकायतकर्ता सुनील अपने भाई और चचेरे भाई के साथ चोरों को पकड़ने पहुंचे थे। पीछा करने पर बदमाशों ने फायरिंग कर दी थी, जिसमें सुनील के कंधे के पास गोली लगी थी। घटना के बाद आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए थे। पुलिस ने मामले में हत्या प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया था। जांच के दौरान पुलिस ने पहले एक आरोपी संदीप को गिरफ्तार किया था। अब पूछताछ के आधार पर सिकंदर को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी से उसके अन्य साथियों और वारदात से जुड़ी जानकारी जुटाई जाएगी।
Source: Source