स्वतंत्रता दिवस समारोह और सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए दिल्ली-NCR में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस ने दिल्ली की सीमाओं पर भारी और कमर्शियल वाहनों के प्रवेश को लेकर एडवाइजरी जारी की है। पहला प्रतिबंध 12 अगस्त शाम 5 बजे से 13 अगस्त दोपहर 1:30 बजे तक लागू रहेगा। यह रोक 13 अगस्त को लाल किले पर होने वाली फुल-ड्रेस रिहर्सल के मद्देनजर लगाई गई है। दूसरा चरण 14 अगस्त शाम 5 बजे से 15 अगस्त दोपहर 1:30 बजे तक प्रभावी रहेगा। इस दौरान NH-48 समेत गुरुग्राम से दिल्ली में प्रवेश करने वाले प्रमुख बॉर्डरों पर भारी वाहनों की एंट्री बंद रहेगी। दूध, फल, सब्जियां, दवाइयां और LPG सिलेंडर ले जाने वाले वाहनों को प्रतिबंध से छूट दी गई है। एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड और अन्य आपातकालीन वाहनों की आवाजाही भी सामान्य रहेगी। दिल्ली एयरपोर्ट जाने वाले निजी और कमर्शियल यात्री वाहनों को NH-48 से प्रवेश की अनुमति होगी। निजी वाहन चालकों को नए द्वारका एक्सप्रेसवे का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है। दिल्ली से आने वाली सप्लाई पर असर को देखते हुए व्यापारियों को पहले से जरूरी सामान का स्टॉक रखने और छोटे वाहनों का उपयोग करने का सुझाव दिया गया है। यह प्रतिबंध केवल दिल्ली में प्रवेश करने वाले भारी वाहनों पर लागू होगा, जबकि पलवल, नूंह, फरीदाबाद, झज्जर, रेवाड़ी और राजस्थान की ओर जाने वाले वाहनों पर रोक नहीं होगी। पुलिस ने ट्रक चालकों से नो-एंट्री के दौरान सड़क या बॉर्डर पर वाहन खड़ा न करने और निर्धारित पार्किंग का इस्तेमाल करने की अपील की है।
Source: Source