हरियाणा के सोनीपत में फिल्म निर्माता अमित जानी की गाड़ी को रोकने की कोशिश किए जाने का मामला सामने आया है। घटना नेशनल हाईवे-352ए पर देवडू गांव के पास हुई। अमित जानी अपनी टीम के साथ जम्मू से लौट रहे थे। रात करीब नौ बजे सफेद रंग की कार में सवार कुछ अज्ञात संदिग्धों ने उनकी गाड़ी का पीछा किया। आरोप है कि संदिग्धों ने हथियार लहराकर उनकी गाड़ी रुकवाने का प्रयास किया। उस समय गाड़ी में फिल्म निर्देशक भारत सिंह श्रीनेत समेत कई अन्य लोग भी मौजूद थे। घटना के दौरान गाड़ी में सवार लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई। खतरे को देखते हुए अमित जानी की टीम ने गाड़ी आगे बढ़ाई और पुलिस से मदद मांगी। अमित जानी को केंद्र सरकार की ओर से वाई श्रेणी की सुरक्षा मिली हुई है। उन्होंने डायल 112 पर सूचना देने के बाद पुलिस को लिखित शिकायत भी सौंपी। शिकायत में उन्होंने बताया कि उन्हें पहले लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े रोहित गोदारा और गोल्डी बराड़ की ओर से जान से मारने की धमकियां मिल चुकी हैं। उन्होंने आशंका जताई कि इस घटना के पीछे उन पर हमला करने की मंशा हो सकती है। अमित जानी ने कुंडली और मुरथल थाना पुलिस को शिकायत दी है। मुरथल थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। संदिग्धों की पहचान के लिए हाईवे और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
Source: Source