हरियाणा के सोनीपत जिले के खरखौदा क्षेत्र में तेज रफ्तार बस की टक्कर से बाइक सवार मां-बेटा घायल हो गए। हादसा 9 अक्टूबर को दोपहर करीब 12:30 बजे ड्रेन नंबर-8 के पास चौलका में हुआ। गांव खांडा निवासी मनजीत अपनी मां मेसो देवी को बाइक पर बैठाकर खरखौदा जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आई एक तेज रफ्तार बस ने उनकी बाइक को पीछे और साइड से टक्कर मार दी। टक्कर के कारण दोनों सड़क पर गिर गए और उन्हें चोटें आईं। मनजीत के अनुसार, हादसे के बाद बस चालक कुछ देर रुका, लेकिन बाद में बस लेकर फरार हो गया। मनजीत ने बस का नंबर HR55BE-1670 नोट कर लिया था। उसने घायल मां को पहले खरखौदा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां से उन्हें सोनीपत के ट्यूलिप अस्पताल रेफर किया गया। गंभीर रूप से घायल मेसो देवी ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। उनकी मौत की सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और आवश्यक दस्तावेज जुटाए। मनजीत की शिकायत और उपलब्ध मेडिकल रिकॉर्ड के आधार पर खरखौदा थाना पुलिस ने बस चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 281, 106 और 125(A) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, हादसे की सूचना 9 अक्टूबर को डायल-112 के माध्यम से मिली थी। मामले की जांच जारी है और पुलिस बस चालक की पहचान तथा दुर्घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की पड़ताल कर रही है।
Source: Source