सूरजपुर जिले के रामानुजनगर थाना क्षेत्र के ग्राम मोरगा में शराब के नशे में एक रिश्तेदार पर जानलेवा हमले की दहला देने वाली घटना सामने आई है। नशे में धुत प्रदीप नामक युवक ने विवाद के दौरान अपने ही रिश्तेदार पर टूटी हुई शराब की बोतल से हमला कर दिया, जिससे पीड़ित की आंख के नीचे गंभीर चोट आई है। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था, लेकिन ग्रामीणों और परिजनों ने उसे सूरजपुर रेलवे ब्रिज के पास पकड़ लिया। हैरान करने वाली बात यह है कि परिजनों ने उसे कार की डिक्की में हाथ-पैर बांधकर अस्पताल पहुंचाया, क्योंकि वह बेहद आक्रामक हो रहा था। अस्पताल में आरोपी को डिक्की से निकलते देख भीड़ जुट गई। परिजनों का आरोप है कि अत्यधिक शराब के सेवन से आरोपी की मानसिक स्थिति बिगड़ गई है। फिलहाल पीड़ित का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस का कहना है कि अभी कोई औपचारिक शिकायत नहीं मिली है, शिकायत दर्ज होते ही मामले में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया है।
Source: Source