छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से एक दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है। प्रतापपुर विकासखंड में गुरुवार को एक युवक का अपहरण कर लिया गया। वह अपने तीन-चार दोस्तों के साथ पार्टी कर रहा था, तभी दर्जनभर युवकों ने बाइक और चारपहिया वाहनों में आकर उसे उठा लिया। अपहरणकर्ता उसे कुछ दूर ले गए, जहाँ उन्होंने डंडों और मुक्कों से जमकर पिटाई की। युवक को बेहोशी की हालत में सड़क किनारे फेंक दिया गया और आरोपी फरार हो गए। जब परिजनों ने उसे खोजा तो उसके शरीर पर गंभीर चोटों के निशान मिले। परिजन तुरंत उसे गंभीर अवस्था में मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले गए। वहाँ इलाज के दौरान देर रात उस युवक ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद पुलिस ने पीड़ित परिजनों का बयान दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मामले की जांच संबंधित थाने को भेज दी है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
Source: Source