सरगुजा जिले के राजापुर उप तहसील में पदस्थ नायब तहसीलदार तुषार मानिक को विधायक एवं समर्थकों ने जमकर पीटा। विधायक समर्थकों ने नायब तहसीलदार के कपड़े भी फाड़ दिए। मौके पर पहुंचे सीतापुर एसडीएम फागेश सिन्हा ने बीच बचाव किया और नायब तहसीलदार को लेकर अंबिकापुर रवाना हो गए। नायब तहसीलदार द्वारा कथित रूप से विधायक की चचेरी बहन की फाइल फेंक देने एवं उन्हें कार्यालय से बाहर कर दिए जाने से भड़के समर्थक उग्र हो गए। मामला सीतापुर थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, मैनपाट के राजापुर उप तहसील में सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो की चचेरी बहन सीमा धनकी जमीन के किसी काम को लेकर 14 मई को फाइल जमा किया था। नायब तहसीलदार एवं बाबुओं द्वारा उसे कई दिनों से घुमाया जा रहा था। बुधवार को भी वह उपतहसीलद पहुंची थी। फाइल फेंका, कार्यालय से बाहर भगाया तो पहुंचे विधायक समर्थक सीमा धनकी ने आरोप लगाया है कि नायब तहसीलदार तुषार मानिक से उन्होंने फाइल पर साइन करने के लिए कहा तो वे भड़क गए और कहा कि तुम होती कौन हो? हस्ताक्षर करने के लिए कहने वाली। जाकर मैनपाट में हस्ताक्षर करा लो। इसके बाद उसे तहसील से बाहर करने के लिए भी कहा गया। इसकी जानकारी सीमा धनकी ने विधायक रामकुमार टोप्पो को दी तो विधायक के समर्थक उप तहसील पहुंच गए। समर्थकों ने नायब तहसीलदार को कार्यालय में घुसकर एवं बाहर निकालकर जमकर पीटा और उसके कपड़े भी फाड़ दिए। विधायक पर भी मारपीट का आरोप, एसडीएम ने किया बीच-बचाव
मामले की जानकारी नायब तहसीलदार ने सीतापुर एसडीएम फागेश सिन्हा को दी। वे मौके पर पहुंचे। आरोप है कि विधायक रामकुमार टोप्पो भी राजापुर पहुंचे और उन्होंने व उनके साथ पहुंचे समर्थकों भी नायब तहसीलदार को पीट दिया। एसडीएम फागेश सिन्हा ने बीच-बचाव कर नायब तहसीलदार को बचाया। एसडीएम फागेश सिन्हा अपनी गाड़ी में नायब तहसीलदार को बैठाकर अंबिकापुर के लिए रवाना हो गए। घटना के बाद सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो और उनकी बहन सीतापुर थाने पहुंचे। विधायक की बहन के द्वारा अपने साथ अभद्र व्यवहार की शिकायत थाने में की जा रही है। विधायक एवं समर्थकों द्वारा की गई मारपीट की रिपोर्ट नायब तहसीलदार ने सीतापुर थाने में दर्ज नहीं कराई है। सरगुजा कलेक्टर ने एसडीएम से उन्हें लेकर अंबिकापुर पहुंचने के लिए कहा है। इधर मारपीट की घटना से राजस्व अधिकारी संघ के पदाधिकारी भी कलेक्टोरेट पहुंच गए हैं। सरगुजा कलेक्टर अजीत वसंत ने बताया कि नायब तहसीलदार के साथ मारपीट की शिकायत मिली थी, उन्हें अंबिकापुर बुलाया गया है। वे एसडीएम के साथ अंबिकापुर पहुंच गए हैं।
Source: Source