सिरसा बस स्टैंड पर कार्यरत एक रोडवेज कंडक्टर रोहताश ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मामला 6 जून को बस में सीट को लेकर शुरू हुए विवाद से जुड़ा है, जिसमें कंडक्टर का आरोप है कि युवकों ने न केवल उनके साथ मारपीट की, बल्कि झूठे आरोप लगाकर उन्हें फंसाने की कोशिश भी की। कंडक्टर का दावा है कि पुलिस ने शुरुआत में मामले को गंभीरता से नहीं लिया और मेडिकल जांच तक नहीं कराई। पुलिस की इस ढुलमुल कार्रवाई से असंतुष्ट होकर कंडक्टर ने सीएम विंडो पर शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप है कि शुक्रवार को जब उन्हें चौकी में बुलाया गया, तो पुलिस ने बिना परफॉर्मा दिए ही जबरन बयानों पर हस्ताक्षर करवाने का दबाव बनाया। इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें कंडक्टर पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाता नजर आ रहा है। वहीं, थाना प्रभारी का कहना है कि उन्होंने कानून के तहत निवारक कार्रवाई की है, लेकिन कंडक्टर असंतोष जताते हुए हस्ताक्षर करने से मना कर रहा है। फिलहाल, यह मामला तूल पकड़ता जा रहा है और कंडक्टर अब ग्रीवेंस मीटिंग में इसकी शिकायत करने की तैयारी कर रहे हैं।
Source: Source