सिरसा शहर में बेगू रोड स्थित मेला ग्राउंड एरिया में नगर परिषद की टीम ने बुधवार को फिर से अतिक्रमण कब्जा कार्रवाई की। नगर परिषद की टीम दोपहर को मेला ग्राउंड में पुलिसबल एवं जेसीबी के साथ पहुंची। टीम ने पहले कब्जा करने वाले लोगों को वहां से जगह खाली करने को कहा, परंतु किसी ने सामान बाहर नहीं निकाला और न ही जगह छोड़ने पर सहमत हुए। इसके बाद टीम ने जेसीबी से कब्जा हटाओ कार्रवाई शुरू की। इस बार नगर परिषद की टीम ने झुग्गियों के साथ पक्के मकान पर भी जेसीबी चला दी और मकान ढहा दिए गए। टीम ने कूलर व आदि सामान घरों से बाहर निकालकर फेंका। टीम के अनुसार, यह मकान पक्के बने हुए हैं, लेकिन पूरी तरह से रेनोवेशन नहीं है। इस तरह काफी लोगों ने सरकारी जगह पर कब्जा कर मकान व झुग्गी-झोपड़ी बनाई हुई है। गर्मी के चलते एक महिला को चक्कर आ गया और नीचे गिर गई। इस दौरान लोगों व टीम ने उनको संभाला। इस दौरान लोगों ने टीम की कार्रवाई का विरोध किया और टीम व उनके बीच कहासुनी भी हो गई। लोगों ने टीम का विरोध करते कहा, हर बार ये कार्रवाई की जा रही है। लोगों ने टीम व पुलिस के समक्ष हाथ जोड़े और बोले, हमारे घर तोड़ रहे हो और काम कर-करके मुश्किल से घर बनाया। अब ये घर तोड़ रहे हैं। सरकार को क्या पता कैसे मेहनत कर घर बनाया और सरकार के प्रति नाराजगी जताते हुए नारेबाजी की। एक सप्ताह पहले भी की थी कब्जा हटाओ कार्रवाई गत वीरवार को प्रशासन की टीम ने मेला ग्राउंड में करीब 20-30 झुग्गियों को जेसीबी से ढहा दिया था और लोगों को अल्टीमेटम देते हुए वहां से हटाने को कहा था। इस दौरान प्रशासन की टीम और झुग्गीवासियों के बीच काफी नोंकझोंक हुई। लोगों ने सरकार व प्रशासन के प्रति रोष जताया था। इसके बाद आज बुधवार को नगर परिषद की टीम दोबारा कार्रवाई के लिए पहुंची और भारी पुलिसबल के साथ गाड़ियां लेकर टीम पहुंची। लोगों ने टीम के सामने बहुत मिन्नतें की, पर किसी ने एक न सुनीं।
Source: Source