छत्तीसगढ़ के सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में पुलिस की सतर्कता से एक बड़ी कार्रवाई सामने आई है। सरिया पुलिस ने कंचनपुर बैरियर पर नियमित वाहन चेकिंग के दौरान ओडिशा की ओर से आ रही एक लाल रंग की थार (OD-17-AA-9999) को रोका। तलाशी लेने पर गाड़ी से 9 लाख 92 हजार 900 रुपए नकद बरामद किए गए। वाहन चालक लक्ष्मण मंचम (24), जो बरगढ़ जिले का रहने वाला है, इस बड़ी रकम के संबंध में कोई भी वैध दस्तावेज या संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। उसने दावा किया कि वह एक बीज कंपनी में काम करता है और यह राशि कंपनी से संबंधित है, लेकिन साक्ष्यों के अभाव में पुलिस ने बीएनएसएस की धाराओं के तहत नकदी और वाहन को जब्त कर लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पूरी राशि को सीलबंद कर आगे की जांच और कर संबंधी कार्रवाई के लिए आयकर विभाग, बिलासपुर को सौंप दिया गया है। यह कार्रवाई जिले में अवैध लेनदेन पर लगाम लगाने के प्रयास का हिस्सा है।
Source: Source