दुर्गूकोंदल| शासकीय हाई स्कूल डांगरा में बुधवार को सरस्वती साइकिल योजना के अंतर्गत कक्षा 9वीं की 12 नवप्रवेशी छात्राओं को निशुल्क साइकिल वितरण किया गया। इसी अवसर पर विद्यालय की नई स्कूल प्रबंधन समिति का भी सर्वसम्मति से गठन हुआ। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि डांगरा सरपंच रमुला नरेटी थीं। विशिष्ट अतिथि नवगठित शाला समिति अध्यक्ष बिसाहूराम मरकाम, पूर्व अध्यक्ष मदन दुग्गा, जनप्रतिनिधि विष्णु नेताम, राजेंद्र नरेटी, सेवाराम नरेटी एवं विजय कुमार उपस्थित रहे। अध्यक्षता प्राचार्य आरएन हिरवानी ने की। मुख्य अतिथि सरपंच रमुला नरेटी ने छात्राओं को साइकिल की चाबी सौंपते हुए कहा कि बेटियों की शिक्षा ही समाज के विकास का मूल आधार है। इस योजना से ग्रामीण व दूरदराज से आने वाली बालिकाओं को आवागमन में सुविधा मिलेगी और उनकी पढ़ाई में निरंतरता बनी रहेगी। प्राचार्य आरएन हिरवानी ने कहा कि इस महत्वाकांक्षी योजना से दूरस्थ अंचल की छात्राओं को राहत मिली है। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासित रहकर मेहनत से पढ़ाई करने की सीख दी। इस अवसर पर व्याख्याता राजबती पोटाई, दिग्विजय सलामे, अनिल दीपक, राकेश सोनवानी, अंजू ध्रुव, खेमेश्वरी वर्मा सहित बड़ी संख्या में अभिभावक व ग्रामीण उपस्थित रहे।
Source: Source