अंबिकापुर के गुरुद्वारा चौक पर दो सांड इस तरह भिड़े कि सड़क पलभर के लिए अखाड़ा बन गई। सींग फंसने के बाद जोरदार टक्करें शुरू हो गईं और यातायात पूरी तरह ठप हो गया। बाइक सवार ब्रेक दबाकर खड़े रहे, जबकि राहगीर किनारे हटकर यह ‘लाइव दंगल’ देखते रहे। कई लोगों ने इस झड़प को मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया। दोनों जानवर हार मानने को तैयार नहीं थे और काफी देर तक लड़ते रहे। यह घटना उस समय हुई है जब हाईकोर्ट ने सड़कों पर आवारा मवेशियों पर रोक लगाने के स्पष्ट निर्देश दिए हैं। इसके बावजूद नगर निगम अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठा पाया है। शहर में आवारा मवेशियों के कारण लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं। पिछले पांच वर्षों में मवेशियों से टकराकर दो लोगों की जान जा चुकी है और कई गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दुर्घटनाओं में कई मवेशी भी चोटिल हुए हैं। प्रशासन पर अब ठोस कदम उठाने का दबाव बढ़ गया है। अन्यथा आने वाले समय में बड़ा हादसा हो सकता है।
Source: Source