संगरूर के गांव तूर बंजारा के गुलजार सिंह सुसाइड मामले में नया मोड़ सामने आया है। प्रशासन की ओर से 20 लाख रुपये की आर्थिक मदद और सरकारी नौकरी का आश्वासन दिए जाने के बाद गुलजार सिंह का अंतिम संस्कार कराया गया। अब परिवार ने आरोप लगाया है कि प्रशासन ने उनके छोटे बेटे को गुमराह कर जबरन संस्कार करवाया। गुलजार सिंह का पूरा परिवार कैमरे के सामने आया और अपनी नाराजगी जाहिर की। परिवार ने कहा कि जब तक उन्हें इंसाफ नहीं मिलता, वे श्मशान घाट से फूल यानी अस्थियां नहीं उठाएंगे। परिवार ने यह भी स्पष्ट किया कि इंसाफ मिलने तक भोग की रस्म नहीं की जाएगी। परिजनों के मुताबिक, गुलजार सिंह ने सल्फास निगलने के बाद एक वीडियो जारी किया था। परिवार का दावा है कि वीडियो में उन्होंने अपनी मौत के लिए जिम्मेदार लोगों के नाम बताए थे। परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। परिवार ने लोगों से भी आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करवाने में सहयोग की अपील की है। परिजनों ने गुलजार सिंह की मौत से जुड़ी पूरी घटना अपनी जुबानी बताई है।
Source: Source