हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के मुख्य पर्यटन स्थल ‘रिज’ पर शुक्रवार सुबह एक विदेशी पर्यटक द्वारा सार्वजनिक रूप से अभद्र व्यवहार करने का मामला सामने आया है। आरोपी ने वहां मौजूद स्थानीय लोगों और अन्य पर्यटकों के सामने अशोभनीय इशारे किए और गाली-गलौज की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसके बाद शिमला पुलिस ने तुरंत संज्ञान लेते हुए आरोपी विदेशी नागरिक को हिरासत में ले लिया है। रिज पर उस समय काफी भीड़ थी, जिससे अफरा-तफरी का माहौल बन गया। लोगों ने इस हरकत का विरोध किया और घटना का वीडियो बना लिया। पुलिस ने हिमाचल प्रदेश पुलिस अधिनियम की धारा 114 के तहत सार्वजनिक स्थान पर उपद्रव मचाने और अभद्रता करने के आरोप में मामला दर्ज किया है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि सार्वजनिक स्थलों पर अनुशासन और शांति भंग करने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस प्रशासन ने पर्यटकों से भी शिष्टता और मर्यादा बनाए रखने की अपील की है।
Source: Source