विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर जालंधर में उत्साहपूर्ण साइक्लोथॉन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत एमबीडी मॉल से हुई और प्रतिभागियों ने लगभग 5 किलोमीटर की दूरी तय की। इस आयोजन में बच्चों से लेकर विभिन्न आयु वर्ग के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। साइक्लोथॉन का आयोजन फिट इंडिया, भारतीय खेल प्राधिकरण, खेड भारती पंजाब, जिला साइक्लिंग एसोसिएशन जालंधर और साइक्लिंग एसोसिएशन ऑफ पंजाब के सहयोग से किया गया। पंजाब पुलिस के एआईजी जगजीत सिंह सरोआ ने कार्यक्रम को झंडी दिखाकर रवाना किया। प्रसिद्ध एथलेटिक्स कोच सरबजीत सिंह भी विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। जालंधर सहित पंजाब के कई जिलों से आए साइकिल चालकों और विभिन्न साइक्लिंग क्लबों ने आयोजन में भागीदारी की। पूरे कार्यक्रम के दौरान फिटनेस, स्वस्थ जीवनशैली और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। प्रतिभागियों को मेडल, प्रमाण-पत्र, टी-शर्ट और रिफ्रेशमेंट्स प्रदान किए गए। सिविल सर्जन अस्पताल की टीम ने स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराईं, जबकि पंजाब पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था संभाली। आयोजकों ने बताया कि साइक्लिंग संस्कृति को बढ़ावा देना और लोगों को सक्रिय जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य था। इस अवसर पर ‘संडे ऑन साइकिल’ अभियान को आगे बढ़ाने का भी संकल्प लिया गया। प्रतिभागियों ने हर रविवार साइकिल चलाने और इसे अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का वादा किया। आयोजकों ने विश्वास जताया कि यह अभियान भविष्य में जन-आंदोलन का रूप लेकर अधिक लोगों को स्वास्थ्य और फिटनेस से जोड़ेगा।
Source: Source