विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर बलौदाबाजार में आदिवासी संस्कृति और सामाजिक एकता का भव्य प्रदर्शन देखने को मिला। सर्व आदिवासी समाज जिला इकाई और विभिन्न सभा समाजों के तत्वावधान में जिला स्तरीय समारोह आयोजित किया गया। समारोह से पहले शहर के मुख्य मार्ग पर विशाल शोभायात्रा निकाली गई। जिले के दूर-दराज क्षेत्रों से बड़ी संख्या में समाजजन पारंपरिक वेशभूषा में शामिल हुए। आदिवासी युवक-युवतियों के पारंपरिक नृत्य और गीतों ने शोभायात्रा में उत्साह भर दिया। ढोल-मांदर और अन्य पारंपरिक वाद्ययंत्रों की थाप पर लोग झूमते नजर आए। महिलाएं, पुरुष, युवा और बच्चे भी बड़ी संख्या में रैली का हिस्सा बने। शोभायात्रा जिला ऑडिटोरियम से होते हुए अंबेडकर चौक पहुंची, जहां मुख्य समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में समाज की समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक मूल्यों को संरक्षित करने पर जोर दिया गया। वक्ताओं ने नई पीढ़ी को शिक्षा और जागरूकता के जरिए आगे बढ़ाने की आवश्यकता बताई। युवाओं को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने और समाज में एकजुटता बनाए रखने का संदेश दिया गया। समारोह में पारंपरिक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने लोगों का मन मोह लिया। आयोजन का समापन सामाजिक एकता, सांस्कृतिक गौरव और उत्साह के संदेश के साथ हुआ।
Source: Source