लुधियाना के शेरपुर चौक के पास बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार और गलत दिशा से आ रही रेत से भरी बिना नंबर की ट्रैक्टर-ट्रॉली ने साइकिल सवार मजदूर को कुचल दिया। हादसा इतना भयानक था कि मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान 56 वर्षीय मोहम्मद आलम के रूप में हुई, जो कंगनवाल स्थित एक फैक्ट्री में मजदूरी करता था। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, दुर्घटना के बाद करीब 45 मिनट तक कोई एंबुलेंस या सरकारी मदद नहीं पहुंची। बाद में निजी एंबुलेंस से घायल को उठाने का प्रयास किया गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस थाना डिवीजन नंबर-6 और चौकी शेरपुर की टीम मौके पर पहुंची। जांच में पता चला कि ट्रैक्टर-ट्रॉली पर कोई नंबर प्लेट नहीं थी और न ही उसके दस्तावेज मौके पर मिले। पुलिस ने ट्रॉली को कब्जे में लेकर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। एएसआई जसविंदर सिंह ने बताया कि आरोपी चालक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया है। यह हादसा सड़क सुरक्षा नियमों की अनदेखी और आपातकालीन सेवाओं की धीमी प्रतिक्रिया का गंभीर उदाहरण है।
Source: Source