लुधियाना जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया के बाद मतदान केंद्रों की संख्या बढ़ गई है। बूथों के युक्तिकरण के बाद जिले में 104 नए बूथ जोड़े गए हैं। अब जिले में कुल मतदान केंद्रों की संख्या 3031 हो गई है। इससे पहले जिले में 2927 पोलिंग बूथ थे। चुनाव आयोग 13 अगस्त को इलेक्ट्रोल ड्राफ्ट जारी करेगा। इसके बाद 8 अक्टूबर तक मतदाता दावे और आपत्तियां दर्ज करा सकेंगे। युक्तिकरण के दौरान मतदाताओं की सुविधा और निर्धारित संख्या के आधार पर नए बूथ बनाए गए हैं। साहनेवाल विधानसभा क्षेत्र में सबसे ज्यादा 21 नए बूथ जोड़े गए हैं। वहीं कई शहरी क्षेत्रों में बड़ी संख्या में मतदाताओं की मैपिंग पूरी नहीं हो सकी है। अधिकारियों के अनुसार करीब 3.25 लाख लोगों का सत्यापन नहीं हो पाया क्योंकि वे घर पर नहीं मिले या उन्होंने गणना पत्र जमा नहीं किए। कई विधानसभा क्षेत्रों में अनमैप्ड मतदाताओं की संख्या चुनावी समीकरणों को प्रभावित कर सकती है। ऐसे मतदाता 13 अगस्त के बाद नए वोट के लिए आवेदन कर सकेंगे।
Source: Source