लुधियाना की गोल्डन कॉलोनी में 13 साल की बच्ची को रोकने और कुछ लड़कियों को थप्पड़ मारने का मामला सामने आया है। घटना से जुड़ा CCTV वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। वीडियो में एक व्यक्ति और लड़की के बीच बहस होती दिखाई दे रही है। मामले में सरबजीत सिंह ने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि उन्होंने बच्ची को गलत नीयत से नहीं रोका था। उनका दावा है कि उन्हें बच्ची को कुछ लड़कियों द्वारा बिहार ले जाने की सूचना मिली थी। सरबजीत के अनुसार, गुरुद्वारा साहिब से लौटते समय उन्हें घर पर काम करने वाली महिला का फोन आया था। सूचना मिलने के बाद वह मौके पर पहुंचे और बच्ची को रोकने की कोशिश की। उनके मुताबिक, बच्ची के वहां से जाने के बाद साथ मौजूद लड़कियों से उनकी बहस हुई। सरबजीत ने माना कि विवाद बढ़ने पर गुस्से में उन्होंने लड़कियों को थप्पड़ मारे। उन्होंने आरोप लगाया कि CCTV फुटेज का केवल एक हिस्सा सोशल मीडिया पर वायरल किया जा रहा है। दूसरी ओर, बच्ची की मां ने दावा किया कि कुछ लड़कियां करीब ढाई महीने से उसकी बेटी को अपने साथ ले जाती थीं। बच्ची की ओर से भी बताया गया कि दो सहेलियां उसे अपने भाई के साथ बिहार ले जाने की बात कर रही थीं। घटना के बाद दोनों पक्ष थाना टिब्बा पहुंचे, जहां पुलिस ने पूछताछ शुरू की। सरबजीत ने पुलिस कमिश्नर से निष्पक्ष जांच की मांग करने की बात कही है। थाना टिब्बा के SHO के अनुसार दोनों पक्षों से पूछताछ जारी है और पूरी CCTV फुटेज समेत संबंधित तथ्यों की जांच की जा रही है।
Source: Source