लुधियाना के हैबोवाल कलां स्थित गगनप्रीत विहार में देर रात अज्ञात बदमाशों ने एक फैक्ट्री कारोबारी मोहम्मद शाकिर की कार को आग के हवाले कर दिया। कार घर के पास खाली प्लॉट में खड़ी थी, जो पूरी तरह जलकर राख हो गई। घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसमें तीन नकाबपोश युवक एक कार में सवार होकर आते और ज्वलनशील पदार्थ छिड़ककर आग लगाते हुए साफ देखे जा सकते हैं। पीड़ित कारोबारी का कहना है कि उनकी किसी से व्यक्तिगत दुश्मनी नहीं है, लेकिन उनके साले के पूर्व बिजनेस पार्टनर के साथ चल रहे विवाद के कारण उन्हें लंबे समय से धमकियां मिल रही थीं। परिवार को पूरा शक है कि इसी रंजिश के चलते घटना को अंजाम दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
Source: Source